जीनत की हत्या के बाद बड़ा खुलासा: यहां ढाई साल से अवैध रूप से रह रहा था ईरानी परिवार

Noida: नोएडा में जीनत मर्डर केस (Zeenat murder case) में बड़ा खुलासा हुआ है। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र मे एक 23 वर्षीय ईरानी युवती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची नोएडा पुलिस (Noida Police) ने लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था। सूत्रों के मुताबिक, पूरे परिवार का वीजा साल 2022 में ही एक्सपायर हो गया था। इसके बावजूद भी यह लोग अवैध तरीके से इंडिया में रह रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से तेहरान (ईरान का शहर) का एक परिवार सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सेक्टर-116 में अपने रिश्तेदार के साथ किराए पर रह रहा था। शुक्रवार की देर रात में परिवार के सदस्यों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बीच जीनत की उसके पिता और रिश्तेदार इमरान हाशमी के बीच हुई किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। यह नोकझोंक देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि इमरान ने जीनत के साथ मारपीट करते हुए उस पर चाकू से तोबड़तोड़ कई वार किए। घटना के बाद जीनत को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा परिवार कई सालों से नोएडा में रह रहा था। जुलाई 2022 में इनका वीजा भी एक्सपायर हो चुका था। वहीं सूत्रों का कहना है कि यह हत्या पारिवारिक विवाद को लेकर नहीं हुई है। बल्कि आपसी बंटवारे को लेकर हुई है, लेकिन नोएडा पुलिस इसे पारिवारिक विवाद बता रही है। हत्या की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
नोएडा जोन की एसीपी थर्ड शैव्या गोयल ने बताया कि शुक्रवार देर रात में सूचना मिली कि सेक्टर-116 में एक परिवार में विवाद हो गया। इस घटना में चार लोगों को चोटें आई हैं और एक युवती जिसकी पहचान 23 वर्षीय जीनत के रूप में हुई उसकी मौत हो गई है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर 4 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। ईरान का रहने वाला यह पूरा परिवार नोएडा में कपड़े के कारोबार करता है। कई महीने पहले से यह लोग नोएडा में किराए पर रह रहे थे। विवाद क्यों हुआ, इसकी जांच पुलिस के द्वारा की जा रही है।