नोएडा में RWA अध्यक्ष की हत्या,हथियार के साथ आधे घंटे तक सड़कों पर घूमता रहा आरोपी

नोएडा में RWA अध्यक्ष की हत्या,हथियार के साथ आधे घंटे तक सड़कों पर घूमता रहा आरोपी

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के फार्म हाउस में आरडब्लूए अध्यक्ष अशोक यादव की हत्या करने के बाद हाथ में हथियार लेकर आरोपित शेखर शहर की सड़कों पर आधा घंटा तक घूमा था। पुलिस घटना के दस मिनट बाद ही मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद भी आरोपित पैदल ही मौके से भाग निकला। फार्म हाउस से बाहर आने के बाद उसने बाइक सवार युवक से बिसरख गोलचक्कर तक के लिए लिफ्ट ली। वहां से उसने हापुड़ के लिए ऑटो लिया और हापुड़ रोड पहुंचकर अपने दोस्त के ठिकाने पर पहुंच गया।

हापुड़ में दोस्त के ठिकाने पर ही उसने दो दिन की फरारी काटी। पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि वह योजना के तहत अशोक की हत्या करने के लिए शादी समारोह में पहुंचा था। आरोपित शेखर और विनोद भी आपस में समधी है। विनोद ने ही विवाद के दौरान आरोपितों को उकसाया था कि अशोक को मारो। यह बात अशोक के बेटे ने पुलिस को बताई है। इसी आधार पर केस में विनोद को भी नामजद किया गया है। बता दें कि सोमवार रात विनोद यादव की बेटी की शादी के दौरान शेखर ने अशोक की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि हत्याकांड में मुखबिरी किसने की है। घटना वाली रात जैसे ही अशोक शादी समारोह में पहुंचे थे, उसके पांच मिनट बाद ही आरोपित शेखर भी वहां आ गया था। ऐसे में इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि बिना मुखबिरी के आरोपित को अशोक की लोकेशन का पता लगा हो। हालांकि पुलिस अभी मुखबिर तक नहीं पहुंच पाई है।