पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने ली पत्नी की जान

पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने ली पत्नी की जान

Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते एक हंसता खेलता परिवार उजड़ गया। संदेह के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पत्नी की हत्या करने के आरोपी पति को थाना सेक्टर-63 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

थाना सेक्टर-63 प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि चोटपुर कॉलोनी में रहने वाली पूजा 3 मार्च को अपने कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी हुई मिली थी। उसके गले पर गला घोटने के के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटने की वजह मृत्यु का कारण सामने आया था।

मामले में जांच पड़ताल में सामने आया कि मृतक पूजा का 14 वर्ष पूर्व बदायूं निवासी देवपाल के साथ विवाह हुआ था। देवपाल ने चोटपुर कॉलोनी में चार मंजिला घर बना रखा था। कुछ समय पूर्व देवपाल को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक हुआ। इस बात को लेकर दोनों पति पत्नी के बीच वाद विवाद रहने लगा। इसके बाद देवपाल अपनी पत्नी पूजा पर गांव चलने का दबाव डालने लगा। इस पर पूजा ने गांव जाने से साफ इनकार कर दिया। देवपाल अपने तीन बच्चों को अपने साथ बदायूं ले गया। चोटपुर कॉलोनी में बने मकान में उसकी पत्नी पूजा वह एक बच्चा रह रहा था। पिछले कुछ दिनों से देवपाल ने पूजा को खर्चा देना बंद कर दिया था।

जिसके कारण मृतक पूजा एक कंपनी में काम करने लगी थी। काफी समझाने के बावजूद भी जब पूजा गांव जाने के लिए राजी नहीं हुई तो देवपाल ने मकान को बेचने की बात कही। इस बात को लेकर भी दोनों के बीच काफी वाद विवाद हुआ। 2 मार्च की रात को देवपाल पूरी योजना के साथ चोटपुर कॉलोनी स्थित अपने घर पहुंचा। इस दौरान उसने मौका पाकर पूजा की गला घोंट कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह रात में ही बदायूं लौट गया था।

मामले के जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पूजा के भाई ने अपने बहनोई देवपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देवपाल ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था और वह उसे अपने गांव ले जाना चाह रहा था। पूजा बार-बार इनकार कर रही थी और घर बेचने के लिए भी मना कर रही थी। इसी कारण उसने उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी।