यमुना प्राधिकरण (यीडा) सेक्टर-10 में महिला उद्यमी क्लस्टर विकसित करेगा, पूरी जानकारी के लिए इसे पढ़े

यमुना प्राधिकरण (यीडा) सेक्टर-10 में महिला उद्यमी क्लस्टर विकसित करेगा, पूरी जानकारी के लिए इसे पढ़े

 ग्रेटर नोएडा : यमुना सिटी में हवाई जहाज ही नहीं बल्कि महिला उद्यमियों की कंपनियों में बने उत्पाद भी उड़ान भरेंगे। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए यमुना प्राधिकरण (यीडा) सेक्टर-10 में महिला उद्यमी क्लस्टर विकसित करेगा। इसके लिए सेक्टर-10 में 500 एकड़ जमीन आरक्षित की जाएगी। इसमें 700 महिला उद्यमियों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
इससे संबंधित प्रस्ताव 28 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक में रखा जा सकता है। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में प्राधिकरण का यह बड़ा प्रयास होगा। महिला को प्राथमिकता देने से संबंधित कुछ प्रस्ताव प्राधिकरण सीईओ के सामने रखे जा चुके हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शुरु होने से प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ा है। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियां निवेश करने को इच्छुक हैं। संवाद

---
ग्रेनो है महिला उद्यमी पार्क
महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए ग्रेनो प्राधिकरण ने महिला उद्यमी पार्क-एक और दो विकसित किए गए हैं। यहां 70 से अधिक औद्योगिक भूखंड आवंटित किए गए हैं।
---
महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के लिए अलग से क्लस्टर विकसित करने की योजना है। महिला उद्यमी क्लस्टर विकसित करने के लिए कुछ सुझाव मिले हैं। प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में ले जाने की योजना है। - डॉ़ अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण