यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले ध्यान दें

यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले ध्यान दें

Noida: यमुना एक्सप्रेस वे पर बृहस्पतिवार अर्द्ध रात्रि से अधिकतम रफ्तार 75 किमी घंटा हो जाएगी। इससे अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वालों का चालान कटेगा।

सर्दियों में कोहरे के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए यमुना प्राधिकरण के निर्देश दिया पर अधिकतम गति सीमा में बदलाव किया गया है।

हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 75 किमी प्रति घंटा व भारी वाहनों के लिए 60 किमी प्रति घंटा रहेगी। इससे अधिक रफ्तार पर चलने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई होगी। पंद्रह दिसंबर से पंद्रह फरवरी तक एक्सप्रेस वे पर गति सीमा घटी रहेगी।

यमुना एक्सप्रेस वे गौतमबुद्ध नगर को आगरा से जोड़ता है। प्रतिदिन एक्सप्रेस वे पर तकरीबन 35 हजार वाहन गुजरते हैं। सप्ताहांत में एक्सप्रेस वे पर वाहनों का दबाव काफी अधिक बढ़ जाता है।

एक्सप्रेस वे पर सर्दियों के दौरान हादसे की आशंका काफी बढ़ जाती है। इसकी वजह सर्दियों में पड़ने वाला कोहरा है। जिसकी वजह से एक्सप्रेस वे पर दृश्यता बेहद कम हो जाती है।

ऐसे हालात में हादसों की रोकथाम के लिए वाहनों की अधिकतम गति सीमा को घटा दिया जाता है। यमुना प्राधिकरण के निर्देश पर बृहस्पतिवार आधी रात से एक्सप्रेस वे पर हल्के वाहनों की अधिकतम रफ्तार को सौ किमी प्रति घंटा से घटाकर 75 किमी प्रति घंटा व भारी वाहनों की अधिकतम रफ्तार 60 किमी कर दी जाएगी। इसके लिए एक्सप्रेस वे पर सभी तैयारी कर ली गई हैं।

एक्सप्रेस वे पर गति सीमा के प्रति वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए बोर्ड लगा दिए गए हैं। टाेल प्लाजा पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम व पैंफ्लेट वितरण की व्यवस्था की गई है। यमुना प्राधिकरण सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि एक्सप्रेस वे पर प्रवेश के स्थानों पर पैंफ्लेट वितरण, चालकों के लिए रात में चाय की व्यवस्था की गई है।

साइनेज, रिफ्लेक्टिंग टेप, मौसम व दृश्यता की जानकारी देने वाले बोर्ड को दुरुस्त कर दिया गया है। चालकों से भी अपील है कि वह गति सीमा का पालन करें। 15 दिसंबर से पंद्रह फरवरी तक एक्सप्रेस वे पर गति सीमा घटी रहेगी।