557 ऐम्बुलेंस के रजिस्ट्रेशन में दर्ज नाम-पता मिला फर्जी

557 ऐम्बुलेंस के रजिस्ट्रेशन में दर्ज नाम-पता मिला फर्जी

Noida: नोएडा में गलत नाम-पते पर चलने वाली 557 ऐम्बुलेंस के मालिकों को एआरटीओ ने नोटिस जारी किया है। इन ऐम्बुलेंस का पंजीकरण भी निरस्त करने की तैयारी की जा रही है। गलत नाम और पते पर रजिस्टर्ड ये ऐम्बुलेंस प्रदेश के कई जिलों में चल रही हैं। इनके मालिकों को नोटिस भेजने के साथ ही विभाग जून के अंत तक इनका रजिस्ट्रेशन रद्द करने की तैयारी कर रहा है।

फर्जी नाम-पते पर ऐम्बुलेंस चलने के मामले पिछले दिनों प्रदेश के कई जिलों में परिवहन आयुक्त के निर्देश पर हुई जांच में सामने आए थे। जिले में ऐसी ही फर्जी नाम-पते पर रजिस्टर्ड ऐम्बुलेंस दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में दौड़ती पाई गई थीं। इसके पहले कोरोना काल में भी इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ था। इसके बाद उप परिवहन आयुक्त ने सभी ऐम्बुलेंस के पंजीयन निरस्त करने के आदेश दिए थे। जिले में जांच के बाद ऐसी 557 ऐम्बुलेंस चिन्हित की गई हैं, जो फर्जी नाम-पते पर हुए पंजीकरण के आधार पर चल रही हैं। परिवहन आयुक्त को गौतमबुद्ध नगर जिले में फर्जी फर्म का गठन कर जाली डॉक्यूमेंट्स के जरिए 800 ऐम्बुलेंस का पंजीयन करने की शिकायत मिलने पर यह मामला पकड़ा गया है।

इन 800 ऐम्बुलेंस के पंजीयन में वाहन मालिकों ने कारोबार के स्थान के पते के प्रमाणपत्र के रूप में जो कागजात लगाए गए, वे जाली हैं। 700 से अधिक ऐम्बुलेंस केवल दो फर्जी फर्मों श्री साइन ऐम्बुलेंस सर्विसेज और गगन त्यागी ऐम्बुलेंस सर्विस के नाम से पंजीकृत हैं। इनके पंजीकरण में उपयोग हुए नाम-पते पूरी तरह फर्जी हैं। इनके पंजीकरण में जो पता दर्ज किया गया, उन पतों पर कोई भी ऐम्बुलेंस सर्विस देने वाली संस्था कार्यरत नहीं है। ऐम्बुलेंस के अधिकतर मालिक उत्तर प्रदेश से बाहर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा के मूल निवासी हैं। एआरटीओ सियाराम वर्मा ने बताया कि 557 ऐम्बुलेंस के मालिकों नोटिस जारी कर दिए गए हैं। ऐसी सभी ऐम्बुलेंसों के पंजीयन को निरस्त करने के साथ पंजीयन कराने वाली फर्म के मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।