बिसरख मंदिर में राम दरबार की स्थापना महंत ने किया बड़ा खुलासा

बिसरख मंदिर में राम दरबार की स्थापना महंत ने किया बड़ा खुलासा

Greater Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित रावण मंदिर में भी भगवान राम आ गए। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के साथ ही बिसरख गांव स्थित रावण के मंदिर में सोमवार को विधि विधान से राम दरबार की मूर्ति की स्थापना हुई। मंदिर परिसर में 11 ब्राह्मणों ने पूरे रीति-रिवाज से पूजा अर्चना की। इसके बाद राजस्थान से लगाई गई मूर्ति को स्थापित किया। मंदिर समिति ने भगवान को रथ पर विराजमान कर गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। प्राचीन रावण मंदिर समिति ने सुबह राम दरबार का जलाभिषेक करने के बाद श्रृंगार किया। शोभा यात्रा में करीब पांच हजार भक्त शामिल हुए।

प्राचीन शिव रावण जन्मभूमि मंदिर के महंत रामदास ने बताया कि मंदिर में राम दरबार में मूर्तियों को विशेष तरीके से स्थापित किया गया है। दरबार में माता सीता और हनुमान जी की मूर्ति अशोक वाटिका में अंगूठी मांगने वाले प्रतिमा को स्थापित किया गया है। दरबार में भगवान हनुमान की मूर्ति हाथ जोड़ते हुए, नहीं बल्कि माता सीता से कुछ मांगते हुए लगाई गई है। हनुमान जी के हाथों में चांदी की अंगूठी भी रखी दी गई है।

ग्रेटर नोएडा के बिसरख में रावण के जन्म का दावा किया जाता है। दिल्ली से करीब 56 किलोमीटर दूर इस गांव के लोग रावण की पूजा करते हैं। विजयादशमी के मौके पर दानवराज रावण के पुतले का दहन किया जाता है, लेकिन बिसरख में इस प्रकार का आयोजन नहीं होता है। हालांकि, सोमवार को इस मंदिर के प्रबंधन की ओर से आश्चर्यजनक फैसला लेते हुए रावण के मंदिर में राम दरबार की स्थापना की गई। उनकी प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया।

मंदिर के पुजारी महंत रामदास ने राम दरबार की स्थापना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राम और रावण समाज को एक ही संदेश देते हैं। ये दोनों बुद्धि, वीरता, दृढ़ता और सबको सम्मान देने की बात करते हैं। राम दरबार की स्थापना पर महंत ने कहा कि रावण महाराज हमारे सपने में आए। उन्होंने मुझसे कहा कि भगवान राम, सीता जी और लक्ष्मण जी की मूर्ति मंदिर में स्थापित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर के गर्भगृह में अभी किसी की मूर्ति स्थापित नहीं है। इस वर्ष विजयदशमी के मौके पर हम महाराज रावण की मूर्ति की स्थापना यहां करने की योजना बना रहे हैं।