ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर बाइक एक्सिडेंट में तीन सगे भाई-बहनों की मौत

ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर बाइक एक्सिडेंट में तीन सगे भाई-बहनों की मौत

Greater Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। परी चौक पर शुक्रवार तड़के हुए हादसे में एक बाइक सवार दो बहन और एक भाई की मौत हो गई। हादसे में बहन की एक सहेली घायल हो गई है। चारों लोग एक बाइक पर सवार थे। ये लोग कासना में शादी समारोह से अपने घर कुलेसरा लौट रहे थे। हादसे के बाद परिवार में अब सिर्फ एक बेटा बचा है। पुलिस ने बाइक में टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद यातायात नियमों का सख्ती से पालने कराने का दावा करने वाली पुलिस भी सवालों के घेरे में है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल सहेली को परिजन अलीगढ़ ले गए हैं।

सिंह औद्योगिक क्षेत्र स्थित बल्ब बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते हैं। गुरुवार को शिव सिंह के बेटे सुरेंद्र सिंह (28) अपनी बहन शैली (26) और अंशू (14) के साथ अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने कासना गए थे। शादी समारोह के बाद तड़के करीब 2:30 बजे सुरेंद्र सिंह एक बाइक पर अपनी दोनों बहनों को लेकर घर लौटने लगे। तभी शैली की सहेली सिम्मी ने कहा कि उसे भी अपने साथ ले चलें। चारों लोग एक बाइक पर किसी तरह घर के लिए चले। करीब आधे घंटे बाद परी चौक के पास सुरेंद्र सिंह की बाइक में किसी बड़े वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर काफी जोरदार थी। सड़क पर बाइक के घिसटने के भी निशान हैं।

पुलिस के मुताबिक बाइक पूरी तरह से डैमेज हो गई है। हादसे में दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर सुरेंद्र सिंह को वेंटीलेटर पर रखा गया। शुक्रवार दोपहर में सुरेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। सुरेंद्र अविवाहित थे और निजी कंपनी में काम करते थे। बहन की सहेली को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन दोपहर बाद परिवार वाले उसे लेकर अलीगढ़ चले गए।

हादसे के बाद परिवार के लोग बीटा-2 थाना पुलिस से मिले। उन्होंने टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर चालक की गिरफ्तारी की मांग की। उनका आरोप है कि अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

हादसे में शिव सिंह ने अपने तीन बच्चों को खो दिया है। अब केवल उनका छोटा बेटा शिवम बचा है जो ग्रेटर नोएडा में ही एक कॉलेज में पढ़ रहा है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार में भाई और उसके दो बहनों की मौत के बाद गांव में मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार के लोगों का कहना है कि घर से खुश होकर शादी में गए थे। अब उनके बच्चे नहीं रहे। गांव के लोग परिवार के लोगों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के दौरान हर रोज पुलिस चेकिंग अभियान चलने का दावा कर रही है। इस हादसे ने पुलिस के चेकिंग अभियान की पोल खोल दी है। एक बाइक पर चार लोग सवार होकर जा रहे थे। वे कुलेसरा जाने के लिए निकले, लेकिन परी चौक पर हादसा हो गया। ये लोग करीब 5 किलोमीटर एक बाइक पर बैठकर आए लेकिन इस बीच किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की। कासना कस्बा में कासना थाना है और परी चौक एंट्री पॉइंट है। यहां हर समय ट्रैफिक पुलिस रहती है। परी चौक पुलिस चौकी भी है, लेकिन किसी भी पुलिसकर्मी ने उन्हें रोका नहीं।