खून की कमी की जांच में प्रेगनेंट मिली किशोरी, अस्पताल में छोड़कर गए परिवार वाले

खून की कमी की जांच में प्रेगनेंट मिली किशोरी, अस्पताल में छोड़कर गए परिवार वाले

Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में कासना स्थित जिम्स अस्पताल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल इलाज के लिए आई 14 साल की किशोरी जांच में गर्भवती पाई गई। गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर उसके साथ आए परिजन उसे अस्पताल में ही छोड़ कर चले गए। किशोरी में खून की कमी थी। उसकी जान बचाने के लिए गर्भपात करना पड़ा। किशोरी ने डॉक्टर को बताया कि उसके पड़ोसी ने उसके साथ गलत काम करता था। जिम्स प्रशासन ने पॉक्सो एक्ट का हवाला देते हुए पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप नहीं किया है। इस मामले में पुलिस का सहयोग नहीं मिलने पर विभाग की ओर से जिम्स के निदेशक को पत्र लिखकर सूचित किया गया है।

जिले के ही एक गांव की रहने वाली किशोरी को पिछले दिनों उसके परिजन इलाज के लिए जिम्स लाए। उसका वजन बहुत कम था और खून की कमी थी। उसको भर्ती किया गया और अन्य जांच की गईं। जांच में वह गर्भवती पाई गई। खून की कमी होने से तुरंत गर्भपात की जरूरत थी। ऐसा न होने पर उसकी जान भी जा सकती थी। सारी बात परिजनों को बताई गई। परिजनों ने स्वीकृति दी जिसके बाद गर्भपात किया गया। साथ ही किशोरी को स्त्री रोग विभाग में शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद परिजन नहीं आए हैं।

अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। बताया कि पॉक्सो एक्ट के मामले में जरूरी नहीं कि परिजन ही सूचना दें। कोई भी सूचना दे सकता है। इसके बाद भी पुलिस ने मामले का संज्ञान नहीं लिया है। किशोरी अभी अस्पताल में ही भर्ती है। विभाग ने संस्थान के निदेशक को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी है। एडीसीपी अशोक कुमार का कहना है कि इस मामले की जानकारी की जाएगी। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन से बात कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।