सोते हुए पति की चाकू से गला काटकर हत्या, बच्चे समेत पत्नी लापता, खोज रही ग्रेटर नोएडा पुलिस

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में किराये पर रहने वाले व्यक्ति की सोते समय गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से उसकी पत्नी 2 बच्चों के साथ लापता है। उसका फोन भी बंद है। परिवार ने उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या के आरोप में शिकायत दी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला का किसी अन्य से अफेयर है, यहां तक की उस व्यक्ति से शादी करने की बात भी सामने आई है।
बुलंदशहर के रहने वाले बन्नी सिरसा गांव में कई साल से अपनी पत्नी ममता और 2 बच्चों के साथ रहते थे। बन्नी मजदूरी करते थे और पत्नी ममता एक कंपनी में सिक्यॉरिटी गार्ड है। उनकी शादी 6 साल पहले हुई थी। पहले ये सिरसा गांव की एक कॉलोनी में रहते थे, उसके बाद 5 से 6 दिन पहले गांव के अंदर कमरा लेकर रहने लगे।
शनिवार सुबह उनके रूम का गेट बंद था। शनिवार को पड़ोसियों ने अंदर देखा तो पता चला कि बन्नी का शव पड़ा हुआ है। चारों तरफ खून बिखरा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसकी पत्नी लापता थी। फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। मृतक के परिवार ने पत्नी के खिलाफ हत्या की शिकायत पुलिस को दी है। उनका कहना है कि ममता ने ही अपने पति बिन्नी की हत्या की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला के अन्य किसी व्यक्ति से संबंध हैं। यहां तक की उस व्यक्ति से शादी की भी बात सामने आ रही है। पहले भी महिला 2 दिन के लिए घर से गायब थी, जब वापस नहीं आई तो उसके पति से काफी लड़ाई हुई थी। महिला के मोबाइल फोन की जांच करने पर सामने आया कि वह कई लोगों से लंबे समय तक बात करती है। दोनों की जब शादी हुई थी तो इनकी उम्र में 15 से अधिक साल का गैप है। जांच में सामने आया है कि एक दूसरे से दोनों के विचार भी नहीं मिलते थे।