प्रत्याशी मैदान में वोटर जुटाने का गुणा-भाग

प्रत्याशी मैदान में वोटर जुटाने का गुणा-भाग

Noida: लोकसभा का चुनाव शुरू हो चुका है। ऐसे में उत्तर प्रदेश की नोएडा (गौतमबुद्धनगर) सीट की चर्चा कर लेते हैं। नोएडा की सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है। एक बार फिर भाजपा अपने गढ़ को बचाने के लिए सक्रिय हो गयी है। वहीं समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर मैदान में है तो बसपा भी अपने ढंग से नोएडा सीट के मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के काम में लग गई है। सभी पार्टियों के प्रत्याशी मैदान में उतर चुके है।। उधर वोटर अपनी लोकसभा सीट के गुणा-भाग को समझने का प्रयास कर रहे हैं।

नोएडा (गौतमबुद्धनगर) सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। हम यहां विस्तार से बता रहे हैं नोएडा सीट का पूरा विवरण। मतदाताओं तथा विधानसभा क्षेत्रों की संख्या के विषय में। आपको हम बता चुके हैं कि नोएडा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने अपने वर्तमान सांसद डा. महेश शर्मा को एक बार फिर नोएडा से प्रत्याशी बनाया है। समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस के गठबंधन से डा0 महेन्द्र नागर मैदान में उतरे हैं। बहुजन समाज पार्टी ने नोएडा सीट पर राजेन्द्र सोलंकी को मैदान में उतारा है।

आपको बता दें कि नोएडा की लोकसभा सीट के नाम से पहचानी जाने वाली गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट पांच विधानसभा सीटों में फैली हुई है। इस सीट के तहत नोएडा, दादरी, जेवर, खुर्जा तथा सिकन्द्राबाद की विधानसभा सीट पड़ती है। नोएडा, दादरी तथा जेवर विधानसभा सीट गौतमबुद्धनगर जिले में आती है तो सिकन्द्राबाद तथा खुर्जा विधानसभा सीट बुलंदशहर जिले में आती है। दो जिलों में फैली नोएडा (गौतमबुद्धनगर) की सीट वर्ष-2009 में बनी थी। वर्ष-2009 से पहले इस लोकसभा सीट का नाम खुर्जा लोकसभा सीट हुआ करती थी।

आपको बता दें कि नोएडा लोकसभा सीट पर कुल 26 लाख, 20 हजार रजिस्टर्ड मतदाता हैं। इन मतदाताओं की विधानसभा वार बात की जाए तो सबसे ज्यादा 7 लाख, 59 हजार, 418 मतदाता नोएडा विधानसभा सीट पर रजिस्टर्ड हैं। दूसरे नम्बर पर ग्रेटर नोएडा क्षेत्र वाली दादरी विधानसभा सीट का नम्बर है। दादरी विधानसभा क्षेत्र में कुल 7 लाख, 4 हजार, 502 रजिस्टर्ड मतदाता हैं। जेवर विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख, 67 हजार, 46 मतदाता, सिकन्द्राबाद क्षेत्र में 3 लाख, 97 हजार, 500 रजिस्टर्ड मतदाता तथा खुर्जा क्षेत्र में तीन लाख, 91 हजार, 574 रजिस्टर्ड मतदाता हैं। इस प्रकार पूरे नोएडा (गौतमबुद्धनगर) लोकसभा सीट पर कुल 26 लाख, 20 हजार मतदाता हैं।

नोएडा सीट पर युवा मतदाताओं की संख्या 3 लाख 30 हजार है। इन युवा मतदाताओं में पहली बार वोट डालने वाले 18 से 19 वर्ष तक की उम्र के 24223 युवा मतदाता तथा 20 से 29 वर्ष की उम्र के बीच वाले 3 लाख 6 हजार 66 युवा मतदाता हैं। इस प्रकार नोएडा सीट पर 16.71 प्रतिशत युवा मतदाता हैं। युवा मतदाताओं पर सभी राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।

नोएडा (गौतमबुद्धनगर) सीट पर 11 लाख 98 हजार 280 महिला मतदाता हैं। इन महिला मतदाताओं में नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 33 हजार 885 महिला मतदाता हैं। दादरी विधानसभा सीट पर तीन लाख 20 हजार 126 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार जेवर विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 68 हजार 508 महिला मतदाता हैं। खुर्जा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 86 हजार 282 महिला मतदाता हैं। सिकन्द्राबाद विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 89 हजार 479 महिला मतदाता हैं।