नोएडा में 30 करोड़ का राशन डकार गए आठ हजार लोग

नोएडा में 30 करोड़ का राशन डकार गए आठ हजार लोग

Noida: प्रशासन की लापरवाही के कारण गौतमबुद्ध नगर बड़ा राशन घोटाला हुआ है। इस घोटाले को जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे। प्रशासन की लापरवाही के चलते अब तक गौतमबुद्ध नगर में 8 हजार अपात्र कार्डधारक करीब 30 करोड़ से अधिक का राशन डकार चुके हैं। इनमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ लेने वाले लोग भी शामिल हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय की माने तो जनपद में 8 हजार आयकर दाता राशन कार्ड धारक हर माह 65 लाख रूपये का राशन डकार रहे हैं। यह गोरखधंधा पिछले तकरीबन 4 वर्षों से चल रहा है। जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि खाद्य एवं रसद आयुक्त द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ ले रहे 8 हजार अपात्रों की सूची जारी की गई है। ये सभी राशन कार्डधारक आयकर दाता हैं। जांच के बाद सभी का राशनकार्ड निरस्त किया जाएगा। इस दौरान हुए नुकसान का भी आंकलीन किया जा रहा है। दरअसल विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में प्रति वर्ष 3 लाख का वार्षिक आय तथा ग्रामीण क्षेत्र में प्रति वर्ष 2 लाख वार्षिक आय वाले ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ उठा सकते हैं।

आयकर दाता राशनकार्ड धारक पिछले 4 वर्षों से राशन उठा रहे हैं। ये लोग प्रति माह करीब 65 लाख रू0 का राशन अवैध तरीके से डकार रहे हैं। 4 वर्षों में यह आंकड़ा करीब 31 करोड़ 20 लाख रूपये बैठता है। इसका अर्थ यह है कि अपात्र 8 हजार राशनकार्ड धारक 4 वर्षों में शासन का 31 करोड़ रूपये का राशन डकार चुके हैं।

बता दें कि जनपद गौतमबुद्ध नगर में करीब 2 लाख 9 हजार राशनकार्ड धारक हैं। वहीं इतने राशन कार्ड धारकों के राशन बांटने के लिए 367 कोटेदार हैं। इसमें दादरी में 124, जेवर में 86 तथा नोएडा में 68 दुकाने हैं। दादरी शहर में 89 राशन दुकाने हैं।