जमीनी विवाद को लेकर दो भाई में खूनी संघर्ष

जमीनी विवाद को लेकर दो भाई में खूनी संघर्ष

Noida: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। बताया जा रहा है कि चचेरे भाइयों के बीच पैतृक जमीन का बंटवारा चल रहा था। जिसको लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी डंडे और फावड़े चल गए। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों से कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मामला नोएडा शहर के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सोरखा का है। यहां चचेरे भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो रहा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी डंडे और धारदार हथियार चलने लगे।

जानकारी के मुताबिक नोएडा क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में रहने वाले विवेक यादव का चचेरे भाई राजीव यादव और संजीव यादव का सोरखा गांव में पैतृक जमीन पर आपसी बंटवारा करते हुए विवाद हो गया। देखते ही देखते नौबत मारपीट की आ गई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे के साथ ही धारदार हथियार भी चलने लगे। इस मारपीट में दोनों पक्षों से कई लोगों के गंभीर रुप से घायल होने की खबर भी सामने आई है। इस संघर्ष में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची। जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

इस मामले की जानकारी देते हुए एडिशनल डीसीपी मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि दो चचेरे भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। कुछ लोगों को चोट लगी है। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होने बताया कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।