वर्षा के बाद कुछ स्थानों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार,धुंध भी छटी

वर्षा के बाद कुछ स्थानों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार,धुंध भी छटी

NOIDA: औद्योगिक नगरी में बृहस्पतिवार से शुरू हुई वर्षा शुक्रवार सुबह भी जारी रही। वर्षा के बाद कुछ स्थानों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार हुआ है। वहीं शहर धुंध भी छटी है। इस कारण न्यूनतम दृश्यता भी बढ़ी है। इस कारण घरों से बाहर निकले लोगों को वाहन चलाने में सहूलियत हुई।

वहीं, गंभीर श्रेणी की हवा से भी राहत मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शुक्रवार सुबह ग्रेटर नोएडा के नालेज पार्क-3 और नालेज पार्क-5 इलाकों की हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

इसी तरह नोएडा के सेक्टर-1, सेक्टर-62, सेक्टर-116, सेक्टर-125 सहित चारों इलाकों की हवा भी बहुत खराब श्रेणी में रही। इससे पहले पिछले दस दिन से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को गंभीर श्रेणी की हवा परेशान कर रही थी। इस कारण ग्रेप के चौथे चरण के प्रतिबंध लागू करने पड़े हैं। हालांकि, दो दिन बाद दीपावली है। ऐसे में प्रतिबंध के बावजूद अगर पटाखे चलाए जाते हैं तो वातारण में फिर से जहर घुल सकता है।

प्रदूषण का स्तर एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) के जरिए पता चलता है। इसके छह मानक होते हैं, जो यह बताते हैं कि शहर की हवा सांस लेने योग्य है या नहीं। यह छह मानक अच्छा, संतोषजनक, मध्यम, खराब, बहुत खराब और गंभीर हैं। 0-50 के बीच अच्छा, 51-100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

देर रात हुई वर्षा के साथ कई जगह पर तेज हवाएं भी चल रही हैं। वर्षा होने से अचानक ठंड भी बढ़ने लगी है। शुक्रवार की सुबह उठते ही लोगों को अचानक ठंड का अहसास होने लगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से 11 और 12 नवंबर को हवा की रफ्तार बढ़ेगी। वहीं दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी। इस कारण तापमान में गिरावट होने से ठंड बढ़ेगी।