नोएडा में 16 साल पहले मासूम बच्चे का बेहरमी से किया था कत्ल, पुलिस ने पकड़ा हत्यारा

Noida: नोएडा में 16 पहले अवैध संबंध के चलते एक 2 साल के मासूम बच्चे की हत्या करने वाले दरिंदे को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरिंदे ने मासूम की जमीन पर पटक कर बेहरमी से हत्या कर दी थी। पुलिस पिछले 16 साल से उसकी तलाश कर रही है। दो साल के बच्चे की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपए के एक इनामी बदमाश को नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। आरोपी का बच्चे की माँ से अवैध संबंध थे।
महिला के साथ हुए विवाद के बाद उसने महिला बेटे की पटककर हत्या कर दी और फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने उसके घर की कुर्की भी की थी। इसके खिलाफ धारा 174ए के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन यह पुलिस की गिरफ्त से दूर था।
पुलिस उपयुक्त जोन प्रथम राम बदन सिंह ने बताया कि नोएडा की थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सोमवार को एक सूचना के आधार पर संजय पुत्र रामसेवक मूल निवासी जनपद चंपारण बिहार को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि नोएडा के मामूरा गांव के श्रमिक कुंज में रहने वाले दो वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में वर्ष 2009 से फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि इसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का नाम घोषित था। डीसीपी ने बताया कि पूर्व में नोएडा पुलिस ने इसके घर की कुर्की की थी, तथा धारा 174ए के तहत इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, लेकिन आरोपी नोएडा पुलिस की गिरफ्त से काफी दूर था।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार संजय ने नोएडा पुलिस को बताया है कि उसका मृतक अमित विश्वास की मां से अवैध संबंध थे। घटना वाले दिन किसी बात को लेकर आरोपी और मृतक की मां से विवाद हुआ। उसने आक्रोश में आकर बच्चे की पटक कर हत्या कर दी, तथा फरार हो गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।