गौतम बुधनगर में किसान आंदोलन: प्रशासन और संयुक्त किसान मोर्चा में हुई सौहार्दपूर्ण वार्ता

गौतम बुधनगर में किसान आंदोलन: प्रशासन और संयुक्त किसान मोर्चा में हुई सौहार्दपूर्ण वार्ता

Greater Noida: गौतम बुधनगर में किसान आंदोलन के मद्देनज़र कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त किसान मोर्चा की मैडम कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मनीष वर्मा से सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई। लगभग तीन घंटे तक चली वार्ता में प्रशासन की ओर से एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे और ओएसडी यमुना प्राधिकरण शैलेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

मैडम कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि जेल में बंद किसानों की रिहाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और एक से दो दिन में सभी किसान जेल से बाहर आ जाएंगे। आंदोलन के दौरान किसानों की ज़ब्त गाड़ियों और ट्रैक्टरों को भी तुरंत प्रभाव से छोड़ने का आदेश दिया गया है।

मैडम कमिश्नर और डीएम साहब ने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्दी ही किसानों की मांगों - दस प्रतिशत प्लॉट और 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की शासन स्तर पर बातचीत आरंभ कराई जाएगी। बातचीत के द्वारा ही उक्त समस्याओं का हल निकाला जाएगा।

वार्ता बहुत ही शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। मीटिंग से बाहर निकलकर संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आदरणीय टिकैत साहब के द्वारा 23 दिसंबर से पहले संयुक्त मोर्चा के द्वारा किसी भी तरह के धरना प्रदर्शन की कोई भी घोषणा नहीं की गई है और ना ही ऐसी कोई योजना है। यदि कोई भी व्यक्ति या संगठन इस तरह का कोई आंदोलन या प्रदर्शन करता है तो यह उसका व्यक्तिगत निर्णय होगा तथा इसकी ज़िम्मेदारी स्वयं आंदोलन कर्ता की होगी। संयुक्त किसान मोर्चा इसके लिए ज़िम्मेदार नहीं होगा।

इस अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे संदीप नागर ने कहा कि हमें प्रशासन से बातचीत में सकारात्मक परिणाम मिले हैं और हमें उम्मीद है कि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान होगा।