नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 9 रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 9 रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें

Noida: ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी दादरी, नोएडा व ग्रेटर नोएडा में 9 रूटों पर इलेक्ट्रिक बसें चलाने का प्लान कर रही है। किस पैटर्न के आधार पर यह बसें चलाई जाएंगी। यह अभी तय नहीं है। इसका वित्तीय मॉडल तय करने के लिए अथॉरिटी ने हाल ही में ईओआई (एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट) जारी किया है। इसमें इस फील्ड में काम कर रही इच्छुक कंपनियों से प्रपोजल मांगे गए हैं। संबंधित कंपनियों के जो भी प्रपोजल आएंगे। उनपर विचार करने के बाद इलेक्ट्रिक बसें चलाने का निर्णय अथॉरिटी लेगी।

ग्रेटर नोएडा को बसे काफी साल हो गए हैं, लेकिन इंटरनल कनेक्टिविटी को लेकर काम नहीं हो पाया है। एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा बेहद खराब है। इसी के चलते पिछले दिनों अथॉरिटी ने सिटी बस सेवा के लिए फिजिबिलटी रिपोर्ट एक एजेंसी से तैयार कराई थी। इसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दादरी को आपस में लिंक करने के लिए 9 रूटों पर सिटी बस सेवा के प्लान का इस एजेंसी ने सुझाव दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा जरूरत ग्रेनो वेस्ट के सेक्टरों को जोड़ने के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलाने की बताई गई थी। वहीं, मेट्रो तक जाने के लिए लोगों को इन बसों की सुविधा मिल सके, इसको भी ध्यान में रखा गया था।

इसी तरह दादरी से भी रोजाना हजारों लोग नोएडा-ग्रेटर नोएडा में आते-जाते हैं, लेकिन उनके आने जाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट न के बराबर है। 9 रूटों पर 28 बसें चलाने का सुझाव एजेंसी ने ग्रेनो अथॉरिटी को दिया था, लेकिन इनके चलाने के लिए पैसा कहां से आएगा यह सबसे बड़ा सवाल है। इसी के चलते अथॉरिटी ईओआई जारी किया है। 19 जनवरी तक कंपनियों को इसके लिए अपने प्रस्ताव देने का समय दिया गया है। जिस कंपनी का मॉडल अथॉरिटी को सस्ता और सुलभ लगेगा उसके प्रस्ताव पर आगे विचार करते हुए यह बसें चलाने का विचार किया जाएगा।