आपसी रंजिश में चाकू मारा फिर बाइक से बांधकर घसीटा

आपसी रंजिश में चाकू मारा फिर बाइक से बांधकर घसीटा

Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। आपसी रंजिश में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हत्या की यह वारदात चौंकाने वाली है। दरअसल, आपसी रंजिश में व्यक्ति को चाकू मारा गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे बाइक से बांधा। पूरे गांव में उसे घुमाया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को ले जाकर पुलिस चौकी के सामने फेंक दिया। आरोपितों ने खुद ही सरेंडर कर दिया। घटना को लेकर पुलिस चौकी से गांव तक अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। शनिवार देर रात करीब 11 बजे घटना के विरोध में बरौला चौकी में तोड़फोड़ की कोशिश की गई। घायल को लेकर पुलिस अस्पताल गई। वहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। 

घटना शनिवार रात की है। अनुज और नितिन की गांव के रहने वाले मेहंदी हसन से शनिवार रात कहासुनी हो गई। बरौला का रहने वाला अनुज प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करता है। नितिन उसका चचेरा भाई है। वह दूध का काम करता है। मेहंदी हसन ड्राइवर का काम करता था। मेहंदी से कहासुनी के बाद अनुज और नितिन ने उसे चाकू मार दिया। इसके बाद बाइक में बांधकर घसीटना शुरू कर दिया। पूरे गांव में उसे घुमाया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज अब वायरल हो रहा है।

अनुज और नितिन पूरे गांव में मेहंदी हसन को घुमान के बाद बरौली पुलिस चौकी लेकर पहुंचा। इस समय तक भारी संख्या में तमाशबीन वहां पहुंच चुके थे। मेहंदी को थाने में फेकने के बाद दोनों ने सरेंडर कर दिया। इसके बाद लोगों ने चौकी में तोड़फोड़ की कोशिश की। पुलिस चौकी में अफरातफरी मच गई। पुलिस घायल मेहंदी हसन को जिला अस्पताल लेकर गई। वहां उसने दम तोड़ दिया।

मेहंदी हसन पर आरोप है कि 2018 में चाकू मारकर घायल कर दिया। नोएडा के एडिशनल डीसीपी मनीष मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2018 में मेहंदी हसन ने अनुज के पिता को चाकू मारा था। इसमें वह घायल हो गए थे। मेहंदी हसन के खिलाफ स्थानीय थाने में केस दर्ज किया गया था। उसके बाद से अनुज मेहंदी हसन से रंजिश रखता था। पिछले दिनों कोर्ट से मेहंदी हसन के खिलाफ वारंट भी जारी होने की बात हुई। मेहंदी हसन और अनुज के बीच कई बार कहासुनी हुई। इसी मसले पर दोनों में तनाव बढ़ा हुआ था। शनिवार रात को भी इसी मसले पर दोनों भिड़े थे। इसके बाद नितिन के साथ आए अनुज ने मेहंदी को चाकू मार दिया। एडिशनल डीसीपी ने कहा कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बरौली में यह भी अफवाह उड़ी कि आरोपियों ने मेहंदी का सिर कलम किया। लेकिन, पुलिस ने इससे इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि घायल अवस्था में मेहंदी हसन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी मौत हुई। घटना के विरोध में चौकी पर किसी प्रकार के हमले से भी पुलिस ने इनकार किया। पुलिस का कहना है कि चौकी पर तोड़फोड़ की घटना नहीं हुई। जमा लोगों को पुलिस ने वहां पहुंचकर हटाया।