झगड़े में घायल छात्र ने तोड़ा दम!

झगड़े में घायल छात्र ने तोड़ा दम!

NOIDA: भजनपुरा में आठ दिन पहले हुए झगड़े में घायल तनुष (17) की तबीयत शनिवार तड़के अचानक बिगड़ गई। अचेतावस्था में उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रात को ही उसकी मौत हो गई। तनुष 12वीं कक्षा का छात्र था। 15 दिसंबर को स्कूल के आठ-दस छात्रों ने उसकी पिटाई कर दी थी। उसके सिर और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोट लगी थी। उस समय प्राथमिक उपचार के बाद तनुष घर आ गया था। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद मारपीट और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, तनुष परिवार के साथ गली नंबर-4, भजनपुरा में रहता था। परिवार में पिता जितेंद्र, मां उमा व बड़ी बहन है। जितेंद्र निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। तनुष भजनपुराक के जन कल्याण स्कूल में पढ़ता था। जितेंद्र ने बताया कि 12 दिसंबर को तनुष की स्कूल के कुछ लड़कों से बहस हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया था। 15 दिसंबर को तनुष स्कूल गया था। इस बीच शाम को छुट्टी के समय वह दोस्तों के साथ पैदल घर लौट रहा था। तनुष डी-ब्लॉक, गली नंबर-20 में पहुंचा तो स्कूल के ही छात्रों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। किसी तरह तनुष घर पहुंचा। परिजन उसे पास के डॉक्टर के पास ले गए। मामला छात्रों से जुड़ा था, इसलिए परिजनों ने पुलिस से शिकायत नहीं की। इस दौरान शनिवार सुबह करीब 6 बजे अचानक तनुष बेहोश हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए। यहां उसकी हालत गंभीर होने का पता चला। डॉक्टरों ने आशंका जताई कि सिर में गंभीर चोट लगी है, जिससे उसकी यह हालत हुई है। बाद में उसे आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची।