नोएडा के सांसद को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बनाए गए चेयरपर्सन

नोएडा के सांसद को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बनाए गए चेयरपर्सन

Noida: तीसरी बार रिकॉर्ड मतों से जीत का परचम लहराने वाले गौतमबुद्धनगर के सांसद तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा को लोकसभा की हाउसिंग कमेटी के चेयरपर्सन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कमेटी का गठन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने किया है। इस समिति में डॉ. महेश शर्मा के अलावा 11 अन्य सदस्य शामिल किए गए हैं, जिनमें से सभी लोकसभा के वर्तमान सांसद हैं।

आपको बता दें कि यह समिति लोकसभा सदस्यों के लिए आवासीय सुविधाओं और उनसे संबंधित मुद्दों पर काम करती है। इसका मुख्य उद्देश्य सांसदों को उचित और सुविधाजनक आवास प्रदान करना है, ताकि वे अपने संसदीय कर्तव्यों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकें। इस कमेटी में 11 सांसद को सदस्य नियुक्त किया गया है। जिसमें कल्याण बनर्जी, सुधीर गुप्ता, कृपानंद मल्लाह, श्रीमती दग्गुबती पुर्णदेश्वरी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मगुन्ता श्री निवासुलु रेडडी, श्रीमती अपराजिता सारंगी, कोडी कुन्निल सुरेश, डा. टी. समुथी, अक्षय यादव, दिनेश चन्द्र यादव के नाम शामिल हैं। यह जानकारी लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह ने दी है।

डॉ.महेश शर्मा की जीत केवल गौतमबुद्धनगर नहीं बल्कि पूरे यूपी में सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने 5,59,472 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। डॉ.महेश शर्मा लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए। वह पहली बार वर्ष 2014 और फिर वर्ष 2019 में सांसद बने थे। इस बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में हर्ष की लहर व्याप्त है।