यमुना एक्सप्रेसवे पर मचाने आए धूम, नोएडा पुलिस ने लगाया बाइकर्स पर ब्रेक, एक्शन के बारे में जान लीजिए

यमुना एक्सप्रेसवे पर मचाने आए धूम, नोएडा पुलिस ने लगाया बाइकर्स पर ब्रेक, एक्शन के बारे में जान लीजिए

Greater Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बाइकर्स सनडे को फनडे बनाने के लिए जुटते हैं। अपनी हरकतों से वे यमुना एक्सप्रेसवे पर धूम मचाते हैं। इसमें यमुना एक्सप्रेसवे पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रविवार के दिन यमुना एक्सप्रेसवे पर बाइकर्स का आतंक कुछ अधिक रहता है। क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले बाइकर्स स्टंटबाजी के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पहुंचे थे। लेकिन, इस बार पुलिस वहां पहले से तैनात थी। पुलिस ने बाइकर्स को पकड़ लिया। अब उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

नोएडा पुलिस की ओर से यमुना एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी पर रोक लगाने संबंधी आदेश जारी किया गया है। इसको लेकर लगातार एक्शन होता रहा है। हालांकि, इस बार सेक्टर-39 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यमुना एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी करने जा रहे 40 हाईस्पीड बाइकों को जब्त किया गया है। इन बाइकों के सवार को भी पकड़ा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा के साथ-साथ दिल्ली, गाजियाबाद और गुड़गांव से बाइकर्स पहुंचे थे।

बाइकर्स गैंग ने यमुना एक्सप्रेसवे पर रेसिंग और स्टंटबाजी की योजना बनाई थी। दावा किया जा रहा है कि हाईस्पीड बाइक चलाने वाले बाइकर्स सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं। उन्होंने इस रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर मिलने की योजना बनाई थी। पुलिस की ओर से इस बार बाइकर्स पर नजर रखने के लिए प्लानिंग पुख्ता थी। जैसे ही बाइकर्स महामाया के पास आए, पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

बाइकर्स अपनी स्टंटबाजी का शॉर्ट वीडियो, रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर उन्हें अपनी बाइक हाईस्पीड में दौड़ाने में मदद मिलती है। ऐसे में सभी बाइकर्स वहां पहुंचे थे। लेकिन, पुलिस ने इन बाइकर्स की योजनाओं पर ब्रेक लगा दिया। इनके पास से 40 बाइकों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।